लखनऊ लाइब्रेरी अग्निकांड: सुरक्षा व्यवस्था बनी जानलेवा, 15 युवाओं की दर्दनाक मौत
लखनऊ। लखनऊ में एक लाइब्रेरी में लगी भीषण आग ने 15 युवा छात्रों की जान ले ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस भवन में आग लगी थी वहां प्रवेश के लिए थंब इम्प्रैशन (बायोमेट्रिक) आधारित ऑटोमैटिक लॉक सिस्टम लगा हुआ था। आग लगने के बाद सिस्टम लॉक हो गया, जिससे अंदर मौजूद स्टूडेंट बाहर नहीं निकल सके।
बताया जा रहा है कि आग फैलते ही छात्र अपनी जान बचाने के लिए वॉशरूम की ओर भागे और वहां जान बचाने की कोशिश की। लेकिन धीरे-धीरे पूरे भवन में धुआं भर गया और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, अधिकांश शवों पर जलने के निशान नहीं मिले, जिससे माना जा रहा है कि मौत का मुख्य कारण धुएं और ऑक्सीजन की कमी थी।
यह हादसा आधुनिक भवनों में बढ़ते ऑटोमैटिक लॉक सिस्टम और अग्नि सुरक्षा की कमी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आजकल घरों, दफ्तरों और व्यावसायिक भवनों में बायोमेट्रिक लॉक, एसी, लकड़ी, थर्माकोल और फोम आधारित फर्नीचर का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। आग लगने की स्थिति में ये सामग्री आग और धुएं को तेजी से फैलाने का काम करती हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी भवन में आपातकालीन निकास (Emergency Exit) और वैकल्पिक रास्ता होना बेहद जरूरी है। केवल एक ही प्रवेश और निकास द्वार पर निर्भर रहना बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
घटना के बाद प्रशासन द्वारा भवन की सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन मानकों और एनओसी (NOC) की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, इस दर्दनाक हादसे में जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके लिए यह क्षति कभी पूरी नहीं हो सकेगी।
यह हादसा सभी के लिए एक सीख है कि आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा उपायों पर भी बराबर ध्यान देना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोका जा सके।
संवाददाता: अभिषेक कुमार
दिल्ली क्राइम प्रेस की ओर से लखनऊ अग्निकांड में दिवंगत हुए सभी छात्र-छात्राओं को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति। 🙏🕯️